आगरा: अमेरिका की एलिसन फेलिक्स ने दोहा में मिक्स्ड चार गुणा 400 मीटर रिले स्पर्धा में अपनी टीम को स्वर्ण पदक दिलाया| इस स्वर्ण के साथ फेलिक्स ने उसैन बोल्ट से विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सबसे सफल खिलाड़ी का दर्जा छीन लिया है| फेलिक्स 10 महीने पहले ही मां बनी हैं| इस स्वर्ण के साथ फेलिक्स के विश्व चैम्पियनशिप में 12 स्वर्ण हो गए हैं, जो जमैका के महान एथलीट बोल्ट से एक ज्यादा है| बोल्ट 2017 की वर्ल्ड चैम्पियनशिप में आखिरी बार उतरे थे|
अमेरिका ने रविवार को तीन मिनट 9.34 सेकेंड का समय निकालते हुए विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया| इससे पहले फेलिक्स स्वर्ण पदकों के मामले में बोल्ट के बराबर थीं|
33 साल की फेलिक्स के अब विश्व चैम्पियनशिप में पांच अलग-अलग स्पर्धाओं- 200 मीटर, 400 मीटर, चार गुणा 100 मीटर, चार गुणा 400 मीटर और मिक्स्ड चार गुणा 400 मीटर रिले में कुल 12 स्वर्ण पदक हो गए हैं| छह बार की ओलंपिक चैम्पियन फेलिक्स ने पिछले साल नवंबर में बेटी को जन्म दिया| 7 सितंबर 2019 को फेलिक्स ने स्टॉकटन (कैलिफोर्निया) में ग्रेट नॉर्थ सिटी गेम्स में 150 मीटर की दौड़ जीतीं| उन्होंने 17.37 सेकंड के साथ ब्रिटिश स्प्रिंटर एशले नेल्सन और स्कॉटलैंड की बेथ डॉबिन को हराया|
नाइकी के साथ फेलिक्स का सात साल का प्रायोजन दिसंबर 2017 में समाप्त हो गया था और इसे बढ़ाया नहीं गया| फेलिक्स ने तब आरोप लगाया था कि बेटी के जन्म के वक्त नाइकी का उनके साथ सहयोगात्मक रुख नहीं रहा| आखिरकार मां बनने के बाद जुलाई 2019 में उन्हें स्पॉन्सर मिल गया| फेलिक्स को पोशाकों से जुड़े गैप ब्रांड का करार हासिल हुआ और एक बार फिर ट्रैक पर उन्होंने अपनी बादशाहत साबित की|