प्रयागराज: प्रदेश के स्टांप शुल्क और नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने धर्मपत्नी और प्रयागराज की महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी तथा तीनों बच्चों के साथ शुक्रवार को अपना पुनर्प्राप्त जन्म महोत्सव धूमधाम से मनाया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बहादुरगंज में अपने आवास के समीप मनोकामना सिद्ध प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दूधाभिषेक किया। इसके बाद वृहद भंडारे की शुरुआत की। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना तथा राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी भी शामिल हुए। भंडारे में बड़ी तादाद में लोग उमड़े।
गौरतलब है कि आज से ठीक नौ साल पहले 12 जुलाई 2010 को तत्कालीन बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ पर दिन के करीब 11 बजे तब रिमोट बम से जानलेवा हमला हुआ था जब वे मनोकामना सिद्ध प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन करके लौट रहे थे। दिल्ली के डॉक्टरों की कड़ी मशक्कत के बाद उनकी जान बच सकी थी। सात माह सात दिन बाद अपने घर लौटे नंदी ने पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद 2012 से 12 जुलाई को अपना पुनर्प्राप्त जन्म दिवस मनाना शुरू किया। धीरे-धीरे इसे महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाने लगा।
इसी के तहत शुक्रवार को भी नंदी ने परिवार समेत मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। मंदिर से बाहर निकलने पर उन्हें बधाई, शुभकामना और जुग-जुग जियो का आशीर्वाद देने वालों का तांता लग गया। किसी ने उपहार देकर तो किसी ने फूलों का गुलदस्ता देखकर नंदी के उज्जवल भविष्य की कामना की।