प्रयागराज: मंगलवार की दोपहर प्रतापगढ़ जनपद की दो सगी बहनों की हत्या कर लाश सई नदी में फेंक दी गई थी। दोनों का शव सई नदी से बरामद हुआ| दोनों बहनों के हाथ बंधे हुए थे। हत्या कर शव फेंकने की ग्रामीण आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। वहां पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही।
नगर कोतवाली इलाके की रहने वाली 14 और 16 वर्षीय दो सगी बहनें सोमवार को घर से स्कूल जाने के लिए कहकर निकली थीं। शाम तक जब दोनों छात्राएं नहीं वापस घर लौटीं तो परिवार के लोग सशंकित हो उठे। अचानक संदिग्ध दशा में गायब हुईं दोनों बहनों की खोजबीन शुरू हुई। रात भर लोग खोजते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला।
पुलिस को भी दोनों छात्राओं के गायब होने की सूचना दी गई। मंगलवार की सुबह से भी उनकी खोजबीन होती रही। इसी बीच मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने सांगीपुर थाना क्षेत्र के घुईसारनाथ धाम के पास सई नदी में दो लड़कियों की लाश देखी। तत्काल लोगों ने इसकी सूचना सांगीपुर थाने में दीl पुलिस पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाया। लड़कियों के पास मिले आइकार्ड से उनकी पहचान की गई। पुलिस की सूचना पर घर के लोग भी वहां पहुंचे और शिनाख्त की। पुलिस की मौजूदगी में शवों को बाहर निकाला गया तो कपड़े से दोनों बहनों का हाथ बंधे हुए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।