महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के धुले के शिरपुर कस्बे में शनिवार को एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक से विस्फोट होने की वजह से 12 लोगों की जान चली गई| इसमें 58 लोग गंभीर से रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
इस हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी दुख जताया है| अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र के धुले में एक केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बातचीत की| उनसे घटना के बारे में बातचीत की| राज्य सरकार जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हर संभव कोशिश कर रही है| शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदना|
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना पर दुख प्रकट किया है. मुख्यमंत्री फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है|
बताया जा रहा है कि केमिकल फैक्ट्री में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ| धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई| यह घटना धुले जिले के शिरपुर में सुबह दस बजे के करीब हुई| धुले के एसपी विश्वास पंधारे के मुताबिक आग में झूलसने की वजह से 58 घायल हुए हैं| इसके पहले मृतकों की संख्या छह बताई जा रही थी|
शुरुआती जानकारी के मुताबिक विस्फोट का कारण पता नहीं चल पाया है| बताया जा रहा है कि काफी लोग अभी भी अंदर हो सकते हैं| दमकल और पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई है|