नई दिल्ली: वडोदरा के रिलायंस स्टेडियम में बड़ौदा और मुंबई की टीम के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच में मुंबई टीम के लिए पृथ्वी शॉ ने फर्स्ट क्लास करियर का पहला तूफानी दोहरा शतक जड़ा है।
दाएं हाथ के बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने 175 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। हालांकि, इस पारी में कुछ ही रन जोड़ने के बाद वे आउट हो गए। चार दिन तक चलने वाले इस मुकाबले में पृथ्वी शॉ ने 179 गेंदों पर 19 चौके और 7 छक्कों की मदद से 202 रन की पारी खेली। इस पारी में पृथ्वी शॉ का स्ट्राइकरेट 112.85 का रहा है। इससे पहले पृथ्वी शॉ ने पहली पारी में भी शानदार बल्लेबाजी की थी।
पृथ्वी शॉ ने बड़ौदा के खिलाफ मुकाबले की पहली पारी में 62 गेंदों पर 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 66 रन बनाए थे। पहली पारी में भी पृथ्वी शॉ का स्ट्राइकरेट 100 से ज्यादा का रहा था। मैच के तीसरे दिन टी ब्रेक तक पृथ्वी शॉ के दोहरे शतक के दम पर मुंबई की टीम ने 332 रन 4 विकेट खोकर बना लिए हैं। इस तरह मेहमान टीम के पास 456 रनों की बढ़त हासिल हो गई है। माना जा रहा है कि मुंबई की टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव जल्द पारी की घोषणा कर सकते हैं।