प्रयागराज: नैनी केंद्रीय कारागार में हाई सिक्योरिटी बैरक में एक कैदी की लाश फांसी के फंदे पर झूलती मिली। लोवर के नारे से रोशनदान से उसका शव लटका मिलने से जेल में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन को सूचना दी गई। वहां पहुंचे अफसरों ने शव को फांसी के फंदे से उतरवाया। कैदी के रहस्यमय हाल में फांसी के फंदे से झूलते शव मिलने के मामले की जांच की जा रही है।
आगरा में ताजगंज थाने के ताजनगरी मोहल्ले का निवासी प्रिंस अग्रवाल उर्फ समर ज्ञानी राहुल पुत्र अनिल अग्रवाल दर्जन भर मुकदमाें में वांछित था। साथ ही जीआरपी के केस में भी सजा काट चुका है। इसी क्रम में आइपीसी की धारा 224 के अंतर्गत प्रिंस अग्रवाल नैनी थाने में पकड़ा गया था और नैनी केंद्रीय कारागार में सजा काट रहा था।
प्रिंस अग्रवाल का संदिग्ध हाल में नैनी केंद्रीय कारागार की हाई सिक्योरिटी बैरक में सजा काट रहा था। मंगलवार की देर रात करीब तीन बजे उसका शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। अन्य कैदियों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने शोर मचाया। बंदीरक्षकों ने इसकी सूचना जेल के अधिकारियों काे दी। जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। फांसी के फंदे से नीचे उतारकर तत्काल प्रिंस को केंद्रीय कारागार से एसआरएन हॉस्पिटल के लिए देर रात भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन का कहना है कि इससे पहले भी प्रिंस कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका है।
नैनी केंद्रीय कारागार के हाई सिक्योरिटी बैरक में संदिग्ध हाल में फांसी के फंदे पर प्रिंस का लटकता शव मिला। इसे लेकर जेल के बंदियों में असंतोष का भी माहौल है। वहीं जेल की सिक्योरिटी पर भी सवालिया निशान उठ रहे हैं।