पटना: एके-47 राइफल और दो ग्रेनेड बरामद होने पर बाढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बिहार के मोकामा से निर्दलीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को उन्होंने चकमा देकर फरार हो गए हैं। अनंत सिंह के अन्य ठिकानों पर भी पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। सूत्रों की मानें तो अनंत सिंह के नजदीकी लोग भी उनकी किसी भी जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अनंत सिंह फरार हो गए हैं।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि अनंत सिंह को लेकर हमने उनकी पत्नी से बात की, लेकिन उन्होंने कोई भी जानकारी नहीं दी। हमलोग कानून के मुताबिक अगली कार्रवाई करेंगे। अनंत सिंह के घर से एके-47 राइफल और दो ग्रेनेड बरामद होने के बाद पटना के बाढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने उनके खिलाफ आतंकवाद निरोधी कानून यूएपीए के तहत केस दर्ज किया है।
गैरकानूनी गतिविधियां प्रतिबंधित कानून यानी UAPA के तहत अनंत सिंह पर आतंकी घोषित होने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं विधायक ने इसे षड्यंत्र करार दिया। आपको बता दें कि पुलिस ने अनंत सिंह के पैतृक गांव में उनके आवास पर छापेमारी की थी।
अनंत सिंह ने छापेमारी के दौरान पुलिस द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि छापेमारी की उन्हें सूचना नहीं दी गई और इसके बारे में उन्हें गांव के अन्य लोगों से जानकारी मिली। पुलिस ने अनंत सिंह के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके घर में छापेमारी दंडाधिकारी की उपस्थिति में कानून के अनुसार किए जाने के साथ पूरी कवायद की वीडियोग्राफी करवाई गई है।