हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ के गौसगंज इलाके में एक लड़की और एक लड़के के शव नीम के पेड़ से लटके हुए मिले हैं| पुलिस ने बताया कि उसने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है| शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौके से संदिग्ध चीजों को इकट्ठा कर लिया गया है|
शवों की स्थिति को देख कर कुछ लोग इसे ऑनर किलिंग भी करार दे रहे हैं| हालांकि पुलिस ने कहा कि फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा| उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी|
आपको बता दें कि पुलिस मोबाइलों की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है| बताया जा रहा है कि मौके से पुलिस को एक चिट्ठी भी मिली है| हालांकि अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि चिट्ठी में क्या लिखा है| साथ ही अभी हैंडराइटिंग का भी मिलान नहीं हुआ है|
लड़की की मां ने लड़के के खिलाफ अपनी बेटी को गायब कराने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी| पुलिस ने पूछताछ के लिए लड़के के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया था| दरअसल लड़का और लड़की दोनों अलग अलग धर्मों से ताल्लुक रखते हैं जिसके चलते इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है|