वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की एक 15 साल की लड़की को वाराणसी में ब्यूटी पार्लर में कथित तौर पर नशीली दवाएं, ड्रग्स देकर सामूहिक दुष्कर्म करने और जिस्मफरोशी के धंधे में ढकेलने का मामला सामने आया है| रामनगर पुलिस के अनुसार 16 अगस्त की रात लड़की किसी तरह चंगुल से छूटी और रामनगर में पुलिस चौकी पहुंचकर आपबीती बताई| पुलिस ने मिर्जापुर पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि लड़की की तलाश में उसके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है| अब इसी रिपोर्ट में धाराएं बढ़ाई जा रही हैं| लड़की के बयान दर्ज हो रहे हैं| लड़की ने करीब 12 लोगों के नाम बताए हैं, जिसमें 3 महिलाएं शामिल हैं. सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है|
पुलिस के अनुसार लड़की मिर्जापुर की रहने वाली है. उसने बताया कि चुनार इलाके में उसका गांव है| गांव ही की एक महिला ने उसे रामनगर में ब्यूटी पार्लर में काम देने का वादा किया और 15 जून को रामनगर ले आई| उसी दिन से उसने ब्यूटी पार्लर में काम शुरू कर दिया|
लड़की ने बताया कि करीब 15 दिन तक सब ठीक चला| लेकिन इसके बाद ब्यूटी पार्लर में उसे नशीली दवाएं और ड्रग्स देकर जिस्मफरोशी के धंधे में ढकेल दिया गया| लड़की ने दावा किया कि गोला घाट इलाके में ब्यूटी पार्लर के मालिक द़्वारा उसे बंधक बना लिया गया| जहां उसके साथ करीब एक दर्जन लोगों ने रेप किया|
लड़की की आपबीती सुनने के बाद वाराणसी पुलिस ने चुनार पुलिस से संपर्क किया| वहां पता चला कि लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिवारवालों ने दर्ज करा रखी है| मामले में अब लड़की को चुनार पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है|