शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल भी बताए जा रहे हैं| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दुर्घटना पर शोक जताया है और घायल हुए लोगों के उचित इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है|
शाहजहांपुर में एक ट्रक, सवारियों से भरे टेंपो पर पलटने से टेंपो में सवार 16 लोगों की मौत हो गई| सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे| तब तक आस पास के लोगों ने राहत और बचाव का काम शुरु कर दिया था|
पुलिस अधीक्षक यश चिनप्पा ने बताया कि 16 लोगों की दर्दनाक मौत हुई है जबकि 5 लोग घायल हैं| घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है और इलाज जारी है| जबकि मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं| पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की टीम बना दी गई है| उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क अभी प्राथमिकता है|
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जैसे ही हादसे की खबर लगी उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए और जिलाधिकारी से मृतकों के परिवार को समुचित मुआवजा तत्काल देने को कहा है|