प्रयागराज: नए यमुना पुल पर शुक्रवार की रात पैदल नैनी की ओर जा रहे एक पेंटर को बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट लिया| नकदी छीनने लगे तो उसने विरोध किया जिस पर बदमाशों ने तमंचे की बट से पीटकर पेंटर को लहूलुहान कर दिया। इसके बाद नकदी छीनकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद राजगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
बलरामपुर जनपद के फजुल्लापुर का रहने वाला शाहिद अली पेंटर है। वह शहर में किराए पर रहता है। उसे नैनी के एक कॉलेज में पेंटिंग का ठेका मिला है। वह शुक्रवार की देर रात पैदल नए यमुना पुल पर जा रहा था। बीच पुल पर एक बाइक से तीन बदमाश आए शाहिद को घेर लिया। बदमाश ने उसे तमंचा दिखाकर मोबाइल छीन लिया। जब नकदी छीनने लगे तो शाहिद ने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने लात-घूंसों और तमंचे की बट से पीटकर उसे लहूलुहान कर दिया। बदमाश जेब से 27 सौ रुपये लूट कर भाग निकले।
खबर पाकर डायल 100 पुलिस पहुंची और पूछताछ कर चली गई। घटना के बारे में पूछे जाने पर थाना प्रभारी कीडगंज और नैनी पुलिस ने जानकारी होने से इंकार किया है।