नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद राजनीति में कदम रख सकते हैं| पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता संजय पासवान ने कहा है कि धोनी पीएम मोदी की टीम का हिस्सा बन सकते हैं| वर्ल्ड कप 2019 में टीम इंडिया के बाहर होने के बाद से धोनी के संन्यास की खबरें जोर पकड़ रही हैं|
संजय पासवान ने कहा है कि धोनी बीजेपी जॉइन कर सकते हैं और इस बारे में काफी लंबे समय से बात चल रही है| उन्होंने कहा है कि इस मुद्दे पर काफी लंबे वक्त से बात चल रही है, हालांकि इस पर कोई फैसला धोनी के संन्यास के बाद ही लिया जाएगा|
संजय पासवान ने आगे कहा कि धोनी मेरे परिचित हैं, वह विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी हैं और उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने की कोशिशें जारी हैं| लोकसभा चुनावों से पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने अपने ‘संपर्क फॉर समर्थन’ कार्यक्रम के दौरान धोनी से मुलाकात की थी|
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं| आपको यह भी बता दें कि झाऱखंड में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं|