लखनऊ: बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है| मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 24 जुलाई से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने की प्रबल संभावना है| कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है|
आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण-पश्चिमी मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य है| पूर्वी हिस्सों के कुछ इलाकों में बारिश हुई| कैसरगंज में सबसे ज्यादा आठ सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी| इसके अलावा, बबेरू में सात, बस्ती और काकरधारी घाट में पांच-पांच, अकबरपुर और तरबगंज में चार-चार, बलिया, अयोध्या, बस्ती, हैदरगढ़, गोंडा और भोगांव में तीन-तीन, मथुरा, कायमगंज, हर्रैया और घोसी में दो-दो सेंटीमीटर बारिश हुई|
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के वाराणसी, मुरादाबाद, झांसी, गोरखपुर, फैजाबाद, लखनऊ और आगरा मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा|
अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है| प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर 24 जुलाई से बारिश होगी| यह सिलसिला अगले दिन भी जारी रहने की संभावना है|