प्रयागराज: शहर के तेलियरगंज इलाके में बुधवार आधीरात के बाद सड़क पर लगभग दस से बारह फुट लंबे अजगर दिखने से खलबली मच गई। अजगर को देखकर लोगों में खलबली मच गई। सूचना पर थानाध्यक्ष शिवकुटी उमेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए अजगर को बोरे में भरकर पकड़ लिया। वन विभाग को अजगर मिलने की सूचना दी गई है।
तेलियरगंज स्थित महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर के गेट के पास एक बरगद का पेड़ है। बुधवार देर रात लगभग साढ़े 12 बजे पेड़ के नीचे स्कूल की चहारदीवारी के पास दस से बारह फुट का अजगर सड़क देख, उधर से गुजर रहे राहगीरों में खलबली मच गई। अजगर निकलने का शोर मचा तो स्थानीय लोग जुट गए। सूचना पर शिवकुटी पुलिस पहुंची। वन विभाग को अजगर निकलने की सूचना दी गई। लेकिन वन कर्मियों को पहुंचने में देर होने लगी तो एसआई जावेद खान और राजीव कुमार सिंह ने साहस दिखाते हुए अजगर को पकडऩे के लिए आगे बढ़े। पुलिसकर्मियों ने एक बोरे में अजगर को भर कर पकड़ लिया। इसके बाद अजगर को थाने लाया गया।
इससे पहले शहर में नैनी नए यमुना पुल और शिवकुटी में नया पुरवा इलाके में सड़क पर अजगर दिखा था। शहर में अजगर के सड़क आने की यह तीसरी घटना है। अब तक जितने भी अजगर शहर में सड़क पर दिखे हैं। उनमें यह सबसे बड़ा है। थाना प्रभारी उमेश सिंह ने बताया कि अजगर को पकड़कर थाने लाया गया है। वन कर्मियों को सूचना दी गई है।