वाराणसी: सोनभद्र में हुए 10 लोगों के नरसंहार मामले में कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 3 नेता भी सोनभद्र घटना के घायलों और पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए जा रहे थे| लेकिन उन्हें वाराणसी एयरपोर्ट पर ही पुलिस ने रोक लिया और हिरासत में ले लिया| तीनों नेताओं ने इस घटना की जानकारी ट्विटर पर डाले एक वीडियो में दी है|
बता दें कि सोनभद्र में जमीन विवाद में हुए 10 लोगों के नरसंहार के बाद से ही राजनीतिक स्तर पर बवाल मचा है| सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया| साथ ही उन्होंने इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी भी गठित की है| यह कमेटी 10 दिन में अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी|
दूसरी ओर प्रशासन की ओर से सोनभद्र में 2 महीने के लिए धारा 144 लगा दी गई है| जिले में धारा 144 11 जुलाई से 12 सितंबर तक प्रभावी रहेगी| प्रशासन का कहना है कि बिना उसकी अनुमति के कोई भी सोनभद्र नहीं जा सकेगा|
शुक्रवार को प्रियंका गांधी भी सोनभद्र में पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए जा रही थीं| उन्होंने पहले वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती घायलों से मुलाकात की थी| इसके बाद वह सोनभद्र जा रही थीं| लेकिन पुलिस ने उन्हें नारायणपुर में ही रोक दिया था| वह इसके बाद वहां धरने पर बैठ गई थीं| पुलिस इसके बाद उन्हें चुनार गेस्ट हाउस ले गई थी| जहां रात भर प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया|
प्रियंका गांधी का कहना है कि वह सोनभद्र घटना के पीड़ित परिवारों से मिले बिना वापस नहीं जाएंगी| इसके बाद प्रशासन ने उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलवा दिया है|