नोएडा: यूपी के नोएडा में मुठभेड़ के बाद एक लाख रुपये के ईनामी सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है| बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुए हैं जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है|
जारचा इलाके में करीब तीन महीने पहले 65 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया गया था| पारस डेरी के कैशियर से ये पैसा लूटा गया था| इस अपराध में शामिल अपराधी इरशाद और उसके साथी अरमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है|
ये लोग अपाचे मोटरसाइकिल पर थे, पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन ये लोग भागने लगे| पुलिस ने इन्हें घेरने की कोशिश की तो इन्होंने फायरिंग शुरु कर दी| इस पर पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी|
दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और दोनों को ही इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है| पुलिस ने इनके पास से मोटरसाइकिल, तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं| एसपी सिटी ने कहा कि ये शातिर अपराधी हैं और कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं|