प्रयागराज: जनपद के सोरांव थाना क्षेत्र स्थित मोरहूं गांव में एक युवक की हत्या कर उसका रक्तरंजित शव फेंककर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। वहां पहुंची पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। इसी बीच सूचना पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए। फिलहाल हत्या क्यों हुई, किसने वारदात को अंजाम दिया, परिजन कुछ भी नहीं कह पा रहे हैं।
सोरांव थाना क्षेत्र के मोरहूं गांव का रहने वाले संजय यादव 35 पुत्र स्व. अर्जुन यादव की पत्नी की मौत हो चुकी है। वह डीसीएम चालक था। इसी से होने वाली आय से संजय अपनी मां विमला देवी, पुत्रियां प्रिया, प्राची और प्रीति के साथ एक पुत्र का पालन-पोषण करता था। सोमवार को वह घर से डीसीएम चलाने के लिए निकला था, लेकिन रात में नहीं आया। इस पर उसकी मां परेशान थी।
सुबह गांव के नाले के समीप कुछ लोगों ने रक्तरंजित लाश देखी। वहां खून भी पड़ा था। पास जाने पर पता चला कि यह तो संजय की लाश है। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। इसी बीच सूचना पाकर वहां सोरांव थाने की पुलिस भी पहुंच गई। जांच-पड़ताल करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। कुछ देर बाद मौके पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए।
जांच के बाद पता चला कि संजय के पास से उसका मोबाइल फोन भी गायब है। फिलहाल वृद्ध मां यह नहीं बता पा रही है कि हत्या किसने की या फिर संजय से किसकी दुश्मनी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।